उझानी(बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव बिहार हरचंद में सोमवार की सुबह एक प्लाट को लेकर दो पक्षों मंे लाठी डंडे चले जिसमें दोनों पक्षों के एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। महिला और उसके जेठ को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रैफर किया गया है। पीड़ितों ने तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गांव बिहार हरचंद निवासी विश्राम सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसने गांव में ही एक प्लाट खरीदा है जिस पर उसके पड़ोसी मोरपाल पुत्र मुकंदराम की नजर है और वह उस पर कब्जा करना चाहता है। विश्राम ने बताया कि सोमवार की सुबह जब वह अपने घर से निकल कर खेतों की ओर जा रहा था तभी मोरपाल ने अपने पुत्र राहुल और सतेन्द्र, अवनेश आदि के साथ उस पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया। बताते हैं कि विश्राम की चीखपुकार पर उसका भाई सूरजपाल और पत्नी रानी बचाने आई तब हमलावरों ने उन्हें भी लाठी डंडों से पीटा जिसमें वह लहूलुहान हो गए।
बताते है कि कुछ ग्रामीणों ने प्रयास कर विवाद को शांत कराया इसके बाद गंभीर घायल कोतवाली पहुंचे जहां पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने सभी घायलो को अस्पताल भेजा जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद रानी और सूरजपाल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेज दिया है।




