परेशान किसानों की कोई सुनने को तैयार नही
उझानी(बदायूं)। उझानी सर्किल के कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव लखुपुरा में रविवार को आवारा गौवंशों से परेशान किसानों ने खेतों में पहुंचे लगभग डेढ़ दर्जन गौवंशों को पकड़ लिया। किसानों ने पुलिस और प्रधान को सूचना दी मगर किसी के न पहुंचने पर गौवंशों को गांव के प्राथमिक विद्यालय में लाकर बंद कर दिया। किसानों ने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा हैं कि आवारा गौवंशों पर जल्द अंकुश लगाया जाए तभी उनकी फसल सुरक्षित रह सकती है।
गांव लखुपुरा के ग्रामीण और किसान पिछले कुछ सालों से आवारा गौवंशों से लगातार परेशान हो रहे है। किसान अपने खेतों पर दिन रात जाग कर फसलों की रखवाली कर रहे हैं कि फिर भी आवारा गौवंश उनकी फसल को नुकसान पहुंचा ही देते हैं। रविवार की तड़के खेतों में बड़ी संख्या में आवारा गौवंश पहुंच गए और फसलों को नुकसान पहुंचाने लगे। बताते हैं कि इस दौरान ग्रामीणों और किसानों ने खेतों की घेराबंदी कर लगभग डेढ़ दर्जन गौवंश पकड़ लिए और उन्हें शासन की मंशा के अनुरूप किसी गौशाला आश्रय स्थल पर भेजने के लिए पुलिस और गांव की प्रधान श्रीमती संगीता देवी को सूचना दी। बताते हैं कि किसानों की सूचना के बाद भी न तो पुलिस पहुुुंची और न ही ग्राम प्रधान ने उनकी एक न सुनी इससे नाराज किसान पकड़े गए गौवंश लेकर गांव पहुंचे और उन्हें गांव के प्राथमिक विद्यालय में बंद कर दिया।
ग्रामीणों का कहना हैं कि सरकार एक ओर दावा कर रही है कि ठंड के मौसम में एक भी गौवंश खुले में नही दिखेगा मगर इसके बाद भी स्थिति जस के तस बनी हुई है। किसानों ने जिला प्रशासन से आवारा गौवंशों को पकड़ कर गौआश्रय स्थल भेजने की मांग की है।





