उझानी(बदायूं)। महाशिव रात्रि के पावन पर्व नागरिकों ने धार्मिक उल्लास आस्था और भक्ति भाव से मनाया। नागरिकों ने मंदिरों में पहुंच कर भगवान शंकर का जलाभिषेक किया और पूजा अर्चना करके सर्व समाज के कल्याण की प्रार्थनाएं की। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए वही देर रात तक भजन कीर्तन होने से पूरा क्षेत्र महादेव की भक्ति में खो गया।
महाशिव रात्रि के पर्व पर प्रातः काल से हर हर महादेव और ऊं नमः शिवाय के जयघोष गुंजायमान होने लगे। प्रातः काल से नर नारी और बच्चों ने नगर के प्राचीन शिवालयों समेत अन्य मंदिरों में पहुंच कर भगवान शंकर और शिवलिग का जलाभिषेक किया और देवाधिदेव का पूजन अर्चन कर सबके कल्याण की प्रार्थनाएं भगवान शंकर से की। नगर के प्राचीन बड़े महादेव, गौशाला का प्राचीन शिवालय, पुरानी अनाज मंडी का प्राचीन शिव मंदिर समेत गांव बुर्रा स्थित प्राचीन शिवालय में बड़ी संख्या में भक्त कछला से गंगा जल भर कर पहुंचे और गंगाजल से महादेव का जलाभिषेक किया। मंदिरों में पूजा अर्चना के दौरान धार्मिक जयघोष गुंजायमान होते रहे।
महाशिवरात्रि के पर्व पर नर नारियों और बच्चों ने भक्तिभाव से महादेव के लिए उपवास रखा और अपने घरों में भजन कीर्तन कर भगवान शंकर का गुणगान किया। मंदिरों में भी सुबह से लेकर देर रात तक भजन कीर्तनों का दौर चलता रहा और फिर समापन पर प्रसाद का वितरण किया गया। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में महाशिव रात्रि का पर्व धार्मिक उल्लास और श्रद्धा भाव से मनाएं जाने के समाचार प्राप्त हुए है।




