उझानी,(बदायूं)। नगर के समीपवर्ती गांव नरऊ से बीती रात हाइवे से गायब एक दलित युवक की सोमवार की सुबह उसके घर के दरवाजे पर संदिग्धावस्था में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने गांव के युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि रविवार को युवक का गांव के ही कुछ युवकों से विवाद हो गया था जिसकी शिकायत पुलिस से की गई मगर पुलिस ने एक न सुनी जिससे आरोपी युवकों ने उसकी हत्या कर लाश घर के दरवाजे पर फेंक दी। हत्या के आरोपो के बाद पुलिस ने फॉरेंसिंक टीम को बुला लिया जिसने साक्ष्य एकत्र किए।

गांव नरऊ निवासी दलित पिन्टू के पुत्र 18 वर्षीय अमन की लाश आज सुबह उसके घर बाहर मिलने से परिवार में चीत्कार मच गई वही गांव में सनसनी फैल गई। लाश मिलने के बाद परिजनों ने गांव के ही कई युवकों पर हत्या कर लाश घर के बाहर फेंक जाने के आरोप लगाए है। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी। परिजनों का कहना है कि अमन रविवार की रात गांव के तमाम लोगों के साथ हाइवे पर बन रही पुलिया को देखने गया था जहां से वह गायब हो गया। परिजनों ने बताया कि देर रात अमन जब घर न लौटा तब परिजनों ने उसकी खोजवीन शुरू की मगर वह मिल सका।
परिजनों ने गांव के ही युवक जजर्वेन्द, अमर सहित कई युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों ने घटना की पृष्ठभूमि में बताया कि अमन रविवार को बीस हजार रुपया लेकर बाजार में मकान निर्माण के लिए सामान खरीदने गया था लेकिन रास्ते में आरोपी युवकों ने अमन को रोक लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए जाति सूचक गालियां दी साथ ही उससे रुपया और बाइक की चाबी छीन ली। परिजनों ने बताया कि इस घटना के बाद अमन ने कोतवाली जाकर पुलिस को तहरीर दी मगर पुलिस ने तहरीर लेने से इंकार कर दिया जिसके बाद अमन ने गांव में पहुंच कर गुस्से में तहरीर को फाड़ कर फेंक दिया।
परिजनों का कहना है कि बीती रात हाइवे निर्माण के लिए बन रही पुलिया को देखने पूरा गांव गया था जिससे अमन भी हाइवे पर चला गया। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान आरोपी युवक उसे पकड़कर कही ले गए और उसकी हत्या करने के बाद रात में किसी समय लाश को घर के दरवाजे के सामने डाल कर चले गए। परिजनों का कहा है कि आज सुबह जब वह लोग जागे तब अमन की लाश दरवाजे पर मिली। पुलिस ने हत्या के आरोपो के फॉरेंसिक टीम को बुला कर साक्ष्य एकत्र कराएं है। हत्या की सूचना पर सीओ उझानी ने भी मौके पर पहुंच कर पड़ताल की। हत्या की वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।





