बदायूं। जिले के थाना बिसौली और फैजगंज बेहटा में बुधवार को आई आंधी और चली तेज हवाओं के चलते अलग-अलग स्थानों पर पेड़ उखड़ कर गिर गए जिसकी चपेट में आए दो मासूस लड़कियों समेत पांच की मौत हो गई जबकि कई के घायल होने की सूचना है।

बुधवार को बदायूं में तेज आंधी और हवाओं के चलते पहला हादसा फैजगंज बेहटा क्षेत्र में हुआ। क्षेत्र के गांव तरकपरौली गांव में आंधी के दौरान खेतों में काम कर रहे ग्रामीण बचने के लिए खेतों के समीप बनी नलकूप की कोठरी के अंदर जाकर बैठ गए। बताते हैं कि इस दौरान एक बड़ा पेड़ उखड़ कर नलकूप की कोठरी के ऊपर गिर गया जिससे नलकूप की छत गिर गई और सभी ग्रामीण उसी में दब गए। बताते है कि हादसे पर जुटे ग्राणीमों ने मलबे में दबे ग्रामीणों को निकाला लेकिन तब तक लक्ष्मी पत्नी अमरसिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई महिला पुरूष घायल हो गए।
दूसरा हादसा बिसौली क्षेत्र के रानेट पुल के पास हुआ। यहां से गुजर रहे वजरी भरे डंपर पर एक पेड़ उखड़ कर गिर गया जिससे चालक केबिन का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें दब कर डंपर चला रहे बुलंदरशहर के थाना अनूपशहर के गांव नगला भूपत निवासी योगेश पुत्र होतीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस ने शव को डंपर से निकाल कर पीएम को भेजा है। इसी थाना क्षेत्र के गांव सिद्धपुर केथौली में आंधी के दौरान कुछ ग्रामीण एक झोपड़ी में जाकर बैठ गए लेकिन झोपड़ी की दीवार हवाओं का कहर न झेल सकी और ग्रामीणों के ऊपर गिर गई जिससे दीवार के मलबे में ग्रामीण दब गए। हादसे पर जुटे ग्रामीणों ने मलबे से ग्रामीणों को निकाला लेकिन तब तक सुनील यादव की दस की पुत्री मौसमी और शेरसिंह की पुत्र 9 वर्षीय रजनी की मौत हो चुकी थी जबकि कई महिला पुरूष घायल हुए है।
बिसौली क्षेत्र के गांव गुलाब बाग निवासी छुट्टन शर्मा का बीस वर्षीय पुत्र अंशुल शर्मा अपने पिता को खाना देने जा रहा था कि उसके ऊपर बिल्सी रोड पर अचानक पेड़ गिर पड़ा जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जिले में आंधी और तेज हवाओं से हुई पांच लोगों की मौत के बाद परिजनों में चीत्कार मची हुई है।





