बदायूं। प्रभारी जिला कार्यकम अधिकारी ने बताया कि बाल विकास परियोजना कादरचौक के आंगनबाड़ी केन्द्र लभारी प्रथम पर तैनात कार्यकत्री श्रीमती मधु देवी एवं लभारी द्वितीय पर तैनात आंगनबाड़ी सहायिका श्रीमती शकुंतला देवी, बाल विकास परियोजना अम्बियापुर के केन्द्र दीननगर शेखपुर मझारा में तैनात कार्यकत्री श्रीमती सुनीता देवी, केन्द्र गौसमनगर मिर्जापुर सोहरा पर तैनात आंगनबाड़ी कार्यकत्री कुसुमलता एवं बाल विकास परियोजना इस्लामनगर के केन्द्र चिचौटा पर तैनात सहायिका श्रीमती बबिता गौतम की मनमानी और शासकीय नियमों का पालन न करने पर उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई है।
सभी कार्यकत्रियों पर आरोप थे आंगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन नियमित रूप से न करने, घर पर पोषाहार रखे जाने, केन्द्र पर अनुपस्थित रहने, केन्द्र पर साफ-सफाई की व्यवस्था न कराने, आंगनबाड़ी केन्द्र पर बच्चों की उपस्थिति, स्टॉक रजिस्टर व अन्य अभिलेखों का रख-रखाव न करने, बच्चों को शालापूर्व शिक्षा का ज्ञान न देने, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजनान्तर्गत आवेदकों के आवेदन को फीड न करने, पोषण ट्रैकर पर गतिविधियों को समय से फीड न करने, मनमाने ढंग से कार्य करने जैसे विभागीय नियमों एवं शासनादेशों का उल्लंघन किए जाने तथा कार्य में गंभीर लापरवाही पाए जाने के कारण सक्षम अधिकारी द्वारा संबंधित आंगनबाडी कार्यकर्ता की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
विभाग द्वारा प्राप्त शिकायतों एवं निरीक्षण जांच आख्या के आधार पर संबंधित कार्यकर्ता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। जांच में आरोप सिद्ध पाए जाने पर सेवा समाप्ति का निर्णय लिया गया है। विभागीय कार्यों में लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा शासनादेशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को निर्देशित किया जाता है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ करें।





