बदायूं। जिले के थाना इस्लामनगर में पुलिस और कानून से बेखौफ बदमाशों ने एक किसान के घर धावा बोल कर परिजनों को सोते समय दबोच लिया और उन्हें मारपीट कर लहूलुहान करने के बाद पांच लाख से अधिक का सोने-चांदी का जेवर और 50 हजार की नकदी लूट कर धमकाते हुए फरार हो गए। बदमाशों ने कच्छा-बनियाधारी गिरोह की तर्ज पर वारदात को अंजाम दिया है। किसान के घर में डकैती की सूचना पर पहुंची पुलिस और आला अधिकारियों ने मौका मुआयना करने के बाद बदमाशों तक पहुंचने के लिए छह टीमों का गठन किया है। घायल परिजनों को जिला अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया है।

इस्लामनगर कस्बे की बिल्सी बिसौली नई बस्ती के रहने वाले किसान नजाकत के घर आधी रात के बाद बदमाशों ने धावा बोला और किसी तरह से अंदर पहुंच कर सो रहे गृहस्वामी नजाकत और उसके पूरे परिवार को सोते वक्त दबोच लिया और फिर कच्छा-बनियानधारी गिरोह की तर्ज पर सभी को लाठी डंडों से जमकर पीटा जिससे वह लहूलुहान हो गए। बदमाशों ने महिलाओं से उनके पहले जेवर तो उतरवा ही लिए साथ ही सभी को असलहों की नोंक पर लेकर पूरे घर को खंगाल डाला और फिर कीमती सोने-चांदी का जेवर के अलावा 50 हजार की नकदी और मोबाइल आदि लूट लिए। पीड़ित परिवार की माने तब आधा दर्जन बदमाश सभी को धमकाते हुए भाग निकले।
बताते है कि बदमाशों के जाने के बाद घायल परिजनों ने हिम्मत कर शोर मचाते हुए आसपास के लोगों को जगाया जिससे लोगों में सनसनी फैल गई। आसपास के रहने वाले नागरिक घटना स्थल पर पहुंचे तब वहां पड़े घायलो को देख कर उनके होश उड़ गए। नागरिकों ने पुलिस को सूचना दी जिस पर थाना और पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और फिर घायलो को उपचार के लिए पहले सीएचसी भेजा जहां से सभी को जिला अस्पताल भेज दिया गया। घायलो में गृहस्वामी नजाकत और उसकी पत्नी मिस्कीन, पुत्रवधू फिजा, छोटे भाई की पत्नी शबनम समेत अन्य परिजन शामिल है। बदमाशों ने डेढ़ साल के मासूम हामिद रजा तक की पिटाई लगा दी।
इस्लामनगर में डकैती की सूचना पर एसपी देहात पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर थाना पुलिस को घटना के खुलासे के निर्देश दिए है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया जिसने बदमाशों तक पहुंचने के लिए साक्ष्य एकत्र किए। इस मामले में बताया जा रहा है कि एसएसपी अंकिता शर्मा ने बदमाशों तक पहुंचने के लिए छह पुलिस टीमों का गठन किया है। बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में डकैती की सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे जिले में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। नागरिकों का कहना है कि डकैती आदि गुजरे जमाने की बात थी लेकिन अब योगीराज में डकैतों का पुनर्जन्म हो गया है। नागरिकों का कहना है कि पूरे जिले के थानों की पुलिस अपने स्वार्थ भरे काम में लगी रहती है जिसका फायदा बदमाश उठा कर वारदात को अंजाम देकर निकल जाते है।




