बरेली। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के तहत आज इज्जतनगर रेल मंडल में बच्चों एवं युवा प्रतिभागियों के लिए एक साइक्लोथॉन (साइकिल रैली) का आयोजन किया गया। साइक्लोथॉन रैली का आयोजन रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम, इज्जतनगर रोड संख्या-4 से प्रारम्भ होकर रोड संख्या-2 होते हुए पुनः स्पोर्ट्स स्टेडियम रोड संख्या-4 पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी का संदेश प्रसारित किया।
रैली में शामिल बच्चों ने जनमानस को जागरूक करते हुए कहा कि साइकिल की सवारी एक स्वस्थ, किफायती, ऊर्जा-कुशल एवं पर्यावरण हितैषी परिवहन साधन के रूप में है। बच्चों ने इसे अपनाने का आह्वान किया साथ ही साइक्लोथॉन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि छोटी-छोटी व्यक्तिगत पहल भी पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। प्रतिभागियों ने पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय देते हुए हरित जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर जल एवं ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा मिशन लाइफ के उद्देश्यों से संबंधित जागरूकता संदेश भी प्रसारित किए गए। बच्चों एवं उपस्थित जनसमुदाय को प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।




