बदायूं। सोमवार को जिले के बिसौली थाना क्षेत्र में तेज गति की रोडवेज बस और पिकअप वाहन में सीधी भिडं़त हो गई। हादसे में पिकअप सवार एक दर्जन से अधिक महिला पुरूष घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलो को इलाज के लिए सीएचसी भेजा जहां सभी का इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जें में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसा आज सुबह बिसौली थाना क्षेत्र में दिसौलीगंज गांव के समीप खजुरिया मोड़ पर हुआ। एक पिकअप में सवार कुछ महिला पुरूष बिसौली की ओर आ रहे थे इसी दौरान सामने से आ रही तेज गति की रोडवेज बस ने पिकअप को सीधी जोरदार टक्कर मार दी जिसके परिणाम स्वरूप पिकअप सवार घायल हो गए और उनमें चीख पुकार मच गई। हादसे पर जुटे ग्रामीणों ने पिकअप में फंसे घायलो को बाहर निकाला। इस बीच पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलो को सीएचसी भेजा जहां चार हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों में मोरकली पत्नी प्रेमपाल, मोरकली पत्नी रामचन्द्र, मीरा पत्नी हरिसिंह, लल्लू, रामपाल पुत्र हरनाम और शिवानी पुत्री प्रेमपाल समेत एक दर्जन महिला पुरूष घायल हो गए। सभी घायल बेहटाजबी गांव स्थित एक सेवादार के यहां जा रहे थे कि रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जें में ले लिया है।






