उझानी,(बदायूं)। कोतवाली पुलिस की लाहपरवाही के चलते रविवार की अपरान्ह् कोतवाली से कुछ ही दूरी पर सबसे व्यस्त स्टेशन रोड के बाजार की एक कपड़े की दुकान पर ग्राहक बन कर पहुंचे टप्पेबाजों ने महिला दुकानदार को अपनी बातों में ऐसा उलझाया कि उसके हाथों पर पड़े लाखों रुपया कीमती सोने के कड़े उतरवा लिए और बड़ी ही चालाकी के साथ कड़े लेकर फरार हो गए। ठगी का अहसास होने पर महिला दुकानदार ने पुलिस को तहरीर दी है मगर पुलिस टप्पेबाजों को पकड़े के बजाय लकीर पीटने का काम कर रही है। भरे बाजार हुई इस घटना से सनसनी फैल गई है।
कोतवाली से करीब दो सौ मीटर दूर सबसे व्यस्त स्टेशन रोड बाजार में पंजाबी कालोनी निवासी आशा सपरा अपनी दुकान पर बैठी ग्राहकों का इंतजार कर रही थी। महिला दुकानदार ने बताया कि अपरान्ह् साढ़े तीन बजे के करीब एक व्यक्ति उनकी दुकान पर आया और बीस अगोछा खरीदने की बात कही। महिला दुकानदार ने बताया कि जब उसने कहा कि उसके पास केवल दस अगौछा ही है जिस पर उसने दस अगौछे खरीद लिए। महिला दुकानदार ने बताया कि ग्राहक ने उसे बातों में उलझा दिया और उसे 21 सौ देते हुए कहा कि वह अपने हाथ में पहने सोने के कड़े रुपयों के साथ दुकान के मंदिर में रख दें। टप्पेबाज की बातों में आई महिला दुकानदार ने हाथों से सोने के कड़े निकाल कर रुपयों के साथ मंदिर में रखने का प्रयास किया मगर ऊंचाई होने के कारण विफल रही तब उसने ग्राहक बने टप्पेबाज से कहा कि वह ही उक्त सामान मंदिर में रख दें।
महिला दुकानदार ने रुपया समेत सोने के कड़े टप्पेबाज को दे दिए जिस पर टप्पेबाज ने महिला दुकानदार को चकमा देकर सोने के कड़े चोरी कर लिए और रुपया मंदिर में रख दिया। महिला दुकानदार ने बताया कि जाते वक्त टप्पेबाज ने जाते वक्त महिला दुकानदार के पैर छूए और फिर फरार हो गया। टप्पेबाज के जाने के बाद महिला दुकानदार को अपने कड़ों की याद आई तब उसने मंदिर में देखा लेकिन रुपया तो मिले मगर कड़े गायब थे। ठगी का अहसास होने पर उसने अपने परिजनों को सूचना दी तब परिजन मौके पर पहुंचे और महिला दुकानदार को लेकर कोतवाली गए जहां पूरी बात बताई और तहरीर दी। बताते है कि पुलिस टप्पेबाजों को पकड़ने के बजाय लकीर पीटती नजर आ रही है।






