उझानी,(बदायूं)। भादो पक्ष की अमावस्या पर राजस्थान प्रदेश से कछला स्थित गंगा में स्नान करने के पहुंचे श्रद्धालुओं में एक श्रद्धालु की 12 वर्षीय बेटी स्नान करते वक्त गंगा के गहरे पानी में समा गई। परिजनों के शोर शराबे पर पहुंचे गोताखोरों ने उसे तलाश किया मगर कोई सफलता न मिल सकी। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंगा में डूबी किशोरी की तलाश में गोताखोरों को गंगा नदी में उतारा है। किशोरी के डूब जाने पर परिजन बदहवास हो गए है।
भादो अमावस्या पर राजस्थान के भरतपुर का निवासी करीब 40 लोग बस में सवार होकर कछला गंगा घाट पर स्नान करने आए थे। बताते है कि जब राजस्थान प्रदेश के श्रद्धालु स्नान कर रहे थे इसी दौरान गांव रूपवास थाना जोगी नगला भरतपुर निवासी 12 वर्षीय इंद्रा पुत्री वीरान स्नान करते समय डूब गई। किशोरी पिता वीरान और मां आरती के साथ में गंगा स्नान कर रही थी तभी धार तेज होने की वजह से वह अचानक डूब गई।
बताते है कि किशोरी के माता-पिता ने तत्काल ही शोर शराब मचा दिया लेकिन गोताखोरों को पहुंचने में देर हो गई इतने में लड़की लापता हो गई। बताते है कि इंद्रा के माता-पिता ने प्रशासन पर लापरवाही करने ने के आरोप लगाए और परिजनों ने ड्यूटी पर तनाव पुलिसकर्मियों को जमकर खरी खोटी सुनाई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तलाशी अभियान में गोताखोरों की टीम लगाई है। देर शाम तक किशोरी का कोई पता न चल सका है।





