उझानी,(बदायूं)। कोतवाली पुलिस ने दो दिन पहले हुई एक विवाहिता की संदिग्ध मौत पर दर्ज दहेज हत्या के अभियोग में नामजदों में शनिवार को पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने इस मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने दहेज हत्या के नामजद आरोपी पति विशाल साहू को कादरचौक रोड से गिरफ्तार किया और कागजी कार्रवाई पूरी कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। यहां बताते चले कि दो दिन पहले नगर के रामलीला मैदान परिसर में रहने वाले राजीव साहू के बड़े बेटे विशाल साहू की पत्नी नीतू साहू ने अपने घर में संदिग्धावस्था में फांसी लगा ली। विवाहिता को किसी तरह से फंदे से उतार कर उसका पति मेडीकल कालेज ले गया जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताते है कि नीतू की मौत की सूचना पर पहुंचे कासगंज निवासी मायके पक्ष ने पति विशाल, सास प्रवीना साहू, ससुर राजीव साहू और देवर अर्जुन उर्फ समर्थ साहू के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया था। प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि पति को न्यायालय भेजा गया है और अन्य आरोपी सास, ससुर और देवर की तलाश शुरू कर दी गई है।





