बरेली। मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी सुश्री रिकिता के नेतृत्व में चमरौआ बिलासपुर रेलखंड के विभिन्न समपारों पर विशेष जनजागरण अभियान चलाकर सड़क उपयोगकर्ताओं एवं ग्रामीणों को रेलवे संरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान लोगों को अनधिकृत स्थानों से रेलवे ट्रैक पार न करने तथा केवल अधिकृत समपारों से ही रेल लाइन पार करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही समझाया गया कि रेलवे फाटक बंद होने की स्थिति में गेटमैन पर फाटक खोलने के लिए किसी भी प्रकार का दबाव न डालें और ट्रेन के सुरक्षित आवागमन के बाद ही फाटक खुलने की प्रतीक्षा करें। सड़क उपयोगकर्ताओं को रेलवे ट्रैक एवं विद्युत पोल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, पशुओं को रेलवे ट्रैक के आसपास न चराने, रेल लाइन पार करते समय हेडफोन अथवा मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा रेलवे लाइन के आसपास पतंग न उड़ाने के संबंध में भी जागरूक किया गया। जनजागरण अभियान के दौरान 490 सड़क उपयोगकर्ताओं की काउंसलिंग की गई तथा 490 संरक्षा पोस्टर वितरित किए गए।






