बदायूं। दो दिन पहले तेजाब पीने से मौत का शिकार हुई बिसौली की युवती के मोबाइल से एक चैट मिली है जिसमें जीशान को लिखा था कि मेरी मौत का जिम्मेदार तू और तेरा परिवार होगा। चैट मिलने के बाद मृतका के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर जीशान के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिसौली कोतवाली पुलिस को मृतका के भाई प्रेमशंकर ने लिखा है कि उसकी बहन कुसुम के करखेड़ी गांव के रहने वाले जीशान पुत्र एहसान के संबंध थे जिसकी उसे कोई जानकारी नही थी। भाई ने तहरीर में लिखा है कि गत 27 सितंबर को जीशान का फोन उसके पिता के पास आया और बोला कि अपनी लड़की को समझा लो। जब पिता ने कुसुम से जीशान के बारे में पूछा तब पता चला कि जीशान से कुसुम के संबंध हो गए थे और इसी के चलते जीशान ने आपत्तिजनक एवं अश्लील वीडियो और फोटो बना लिए थे। भाई ने बताया कि उसकी बहन ने जीशान से शादी करने के लिए कह रही थी मगर जीशान की शादी कही और तय हो चुकी थी।
तहरीर में भाई ने लिखा है कि पिता के पास फोन आने के बाद उसकी बहन ने जीशान से बात की तब जीशान ने उसे धमकाया और वीडियो वायरल करने की बात कही जिसके बाद उसकी बहन ने तेजाब पी लिया जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। भाई ने पुलिस को बताया कि बहन की मौत के बाद जब उसका मोबाइल देखा गया तब एक चैट मिली जिसमें उसकी बहन ने अपनी मौत का जिम्मेदार जीशान और उसके घर वालो को बताया। भाई प्रेमशंकर ने पुलिस ने पूरे मामले की जांच कर जीशान के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि कुसुम को इंसाफ मिल सके।






