बदायूं। जिले के थाना सहसवान क्षेत्र में बुधवार को अवैध खनन में लगे तेज गति के टैक्टर ने एक टैम्पो में टक्कर मार दी जिसके परिणाम स्वरूप एक दर्जन स्कूली बच्चें घायल हो गए। ग्रामीणों ने बच्चो को टैम्पो से निकाल कर सहसवान अस्पताल भेजा जहां से तीन छात्राओं की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टर ने जिला अस्पताल रैफर कर दिया है। सभी बच्चें सहवान के पन्नालाल इंटर कालेज में पढ़ते हैं।
सहसवान थाना क्षेत्र के गांव इब्राहिमपुर के रहने वाले एक दर्जन से अधिक बच्चें टैम्पो में सवार होकर सहसवान के पन्नालाल इंटर कालेज में पढ़ने जा रहे थे इसी दौरान गांव महमूदपुर के समी अवैध मिट्टी खनन में लगे तेज गति के टैक्टर ने स्कूली बच्चों से भरे टैम्पो में सीधे टक्कर मार दी जिसके परिणाम स्वरूप टैम्पो क्षतिग्रस्त हो गया और सवार सभी बच्चें लहुलूहान हो गए। हादसे पर जुटे ग्रामीणों ने टैम्पो में फंसे बच्चों नंद गोपाल, नंदकिशोर, रजनी, भागवती, रंजना, प्रीति, भाग्यवती, किशनपाल समेत अन्य बच्चों को बाहर निकाल कर एम्बुलेंस के जरिए सहसवान अस्पताल भेजा जहां सभी बच्चों को प्राथमिक उपचार करने के बाद प्रीति, भागवती और रंजना की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रैफर कर दिया है।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पीवीआर पुलिस ने हादसे को अंजाम देने वाले वाहन को अपने कब्जें में लेकर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया है। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि इस क्षेत्र में अवैध खनन पूरे चरम पर है। परिजन बोले कि वाहन चालक मिट्टी भर कर तेजी से दौड़ते है जिससे आए दिन हादसे होते रहते है।






