उझानी,(बदायूं)। सोमवार को बिजली घर में फीडरों की वीसीबी स्थानांतरित करने का निर्णय बिजली विभाग ने लिया है जिसके चलते सुबह दस बजे से शाम सात बजे तक नगर समेत आसपास की बिजली गुल रहेगी। इस दौरान नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है जिससे नागरिक पेयजल के अलावा अन्य नित्य क्रिया के लिए पानी बिजली रहते एकत्र कर लें ताकि उन्हें घंटो बिजली गायब रहने पर परेशानी का सामना न करना पड़े।
33/11के0वी0 उपकेन्द्र उझानी टाउन के फीडरों की वीसीबी वर्तमान में ग्रामीण कंट्रोल रूम में स्थापित है अब इस वीसीबी को स्थानांतरित कर उझानी टाउन कंट्रोल रूम में स्थापित करना है। बिजली विभाग ने अधिकृत सूचना जारी करते हुए नागरिकों से कहा है कि इसके चलते सोमवार की सुबह दस बजे से शाम सात बजे तक इन फीडरों से जारी होने वाली बिजली सप्लाई पूरी तरह से बंद रहेगी। बिजली विभाग का कहना है कि बिजली सप्लाई बंद होने से आम नागरिकों को पेयजलापूर्ति की परेशानी उठानी पड़ सकती है। बिजली विभाग का कहना है कि नागरिकों को असुविधा से बचने के लिए पेयजल-रोजना इस्तेमाल के लिए पानी समय रहते एकत्र कर लेना चाहिए।






