उझानी(बदायूं)। बुधवार की रात बरेली मथुरा हाइवे पर गांव फूलपुर के समीप कार बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव उलैहतापुर निवासी 38 वर्षीय राजाराम उर्फ राजू अपने गांव से बुधवार को उझानी में आयोजित किसी शादी समारोह में शामिल होने आया था। बताते हैं कि रात नौ बजे के करीब वह बाइक से वापस अपने गांव लौट रहा था कि उझानी-कछला के मध्य हाइवे पर रिनोईया बोर्ड के समीप उसकी बाइक की टक्कर कार से हो गई जिसके परिणाम स्वरूप बाइक चला रहे राजू की मौके पर ही मौत हो गई। बताते है कि हादसे के बाद कार चालक कार छोड़ कर मौके से भाग निकला।
बताते हैं कि हादसे की आवाज पर मौके पर जुटे आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने पुलिस को सूचना दी तब पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त के प्रयास किए मगर कोई सफलता न मिली तब पुलिस ने शव का पंचनामा भर पीएम को जिला मुख्यालय भेज दिया। बताते हैं कि राजू के देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसे फोन किया मगर फोन पुलिस ने उठाया तब कही जाकर राजू की पहचान हो सकी। राजू की मौत की खबर सुन कर परिजनों के होश उड़ गए और वह रोते बिलखते कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने शव की पहचान होने के बाद गुरूवार को शव का पीएम करा कर परिजनों को सौंप दिया है। युवक की मौत पर परिजनों का हाल बेहाल हो गया है। पुलिस ने हादसे को अंजाम देने वाली कार को अपने कब्जें में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।




