जनपद बदायूं

बदायूं में जमकर उड़ा रंग-गुलाल चेहरे हुए नीले पीले लाल, दोपहर तक मस्ती में डूबें नजर आए नागरिक

Up Namaste

बदायूं। रंगों और सामाजिक एकता, समरसता का महापर्व होली बदायूं जिले में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ रंगों की बौछार तथा गुलाल की फुहारों के बीच मनाया गया। पूरे जिले के नर-नारी और बच्चें होली की फागुल्नी मस्ती में डूब कर थिरकते नजर आ रहे थे। दोपहर तक नागरिकों ने जमकर उड़ाया रंग-गुलाल तब चेहरे नीले पीले और लाल नजर आ रहे थे मुस्लिम समाज के लोगों ने हिन्दुओं को गले लगा कर होली की बधाई देकर सामाजिक सौहार्द को मजबूत कर दिया।

बुधवार को होली के महापर्व पर तड़के पूजन अर्चन के उपरांत होलिका दहन की गई जहां मौजूद नागरिकों ने होली की अग्नि की परिक्रमा करते हुए कच्चा अनाज अर्पित किया और सबके कल्याण की कामना ईश्वर से की। होलिका दहन के बाद नागरिकों ने सभी भेदभाव के बंधन को तोड़ दिया और एक दूसरे को गले लगा कर होली की बधाई प्रेषित की। सुबह आठ बजे से पूरा जिला लाउडस्पीक पर बज रहे होली के लोक गीतों की धुन पर मस्ती में झूम उठा और फिर देखते ही देखते पूरा जिला होली के सतरंगी रंगों से सराबोर दिखने लगा। होली के खुमार में क्या नर और क्या नारी तथा बच्चें सभी डूब गए और फिर जमकर थिरकते हुए रंग और गुलाल से माहौल को सराबोर कर दिया।

उझानी। नगर में होलिका दहन के बाद नागरिकों पर मस्ती की घटा छा गई और फिर देखते ही देखते पूरे नगर में रंग एवं अबीर-गुलाल उड़ने लगा जिससे नागरिकों के चेहरें नीले पीले और लाल हो गए। युवाओं और बच्चों की टोलियां होली की मस्ती में थिरकतीं हुई सड़कों पर उतर आई फिर क्या था नाचते गाते अबीर गुलाल उड़ाते और रंगों की बौछार करती टोलियां होली की मस्ती बयां करने के लिए काफी थीं। छतों पर बच्चों और महिलाओं ने मोर्चा संभाल रखा था जिससे मुख्य मार्गो समेत मौहल्लों की गलियों से गुजरने वाली युवाओं की टोलियां रंगों से सराबोर होकर ही आगे बढ़ पाती थीं। रंग खेलने और मस्ती के दौरान युवाओं और बच्चों ने एक दूसरे से गले मिल कर भेदभाव आदि को खत्म कर सामाजिक एकता को बुलंद कर दिया। मुस्लिम समाज ने भी दिल खोल कर लोगों को गले लगा कर होली की शुभकामनाएं दी जिससे सामाजिक सौहार्द और मजबूत हो गया। नगर के अहिरटोला से रंग जुलूस निकाला गया जो पूरे नगर में रंग बरसाता हुआ मौहल्लें में ही समाप्त हुआ। रंग जुलूस के दौरान नगर की मस्जिदों को ढक दिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से भारी संख्या में पुलिस व पीएसी तैनात रही।
बिसौली। रंगों के त्यौहार होली पर ग्रामीण क्षेत्रों समेत पूरा नगर रंग और अबीर-गुलाल से सराबोर नजर आ रहा था। चारों और मस्ती और उल्लास का वातावरण बना हुआ था लोग नाचते गाते एक दूसरे को रंगों और गुलाल से सराबोर करने में लगे रहे। रंग खेलने का सिलसिला दोपहर तक चलता रहा।
सहसवान। नगर समेत पूरे क्षेत्र में होली नागरिकों ने धूमधाम और उल्लास के साथ मनाई। होलिका दहन के बाद पूरे क्षेत्र में केवल रंग और अबीर-गुलाल ही नजर आ रहा था। क्या महिलाएं क्या बच्चें और क्या युवा एवं नागरिक सभी पर होली का ऐसा खुमार चढ़ा कि चारों ओर खुशियों की बौछार ही नजर आ रही थी।
दातागंज। होली का पर्व यहां धूमधाम और मस्ती के बीच मनाया गया। होलिया दहन के बाद नगर समेत पूरे क्षेत्र के नागरिक रंग-बिरंगे नजर आ रहे थे। लोग मस्ती करते हुए एक दूसरे को रंगों से सराबोर कर रहे थे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल सर्तक नजर आ रहा था।
बिल्सी। होली का पर्व नगर एवं ग्रामीण इलाकों में धूमधाम के साथ मनाया गया। पूरे क्षेत्र के लोगों पर मस्ती का ऐसा खुमार चढ़ा कि वह एक दूसरे को रंगों एवं अबीर-गुलाल से सराबोर करने में कोई कसर नही छोड़ रहे थे। जिले भर के ग्रामीण इलाकों में होली का पर्व धूमधाम के साथ मनाने की खबरें मिली है।

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!