उझानी(बदायूं),(यूपीएन ब्यूरो)। हरियाणा प्रदेश में अच्छी मजदूरी की आस में ईंट भट्ठें पर काम करने गए उझानी थाना क्षेत्र के कछला दो मजदूरों की सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों मजदूर सब्जी लेकर भट्ठे के समीप आवास पर लौट रहे थे कि रास्ते में धान भरे ट्राला से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। हरियाणा पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जें में लेकर शनिवार की शाम पोस्टमार्टम करा कर परिजनो को सौंप दिया है। दोनांे की मौत पर परिजनों और साथियों में चीत्कार मच गई है।
कछला के वार्ड नम्बर चार निवासी विनोद पुत्र खेमकरन और राजेन्द्र पुत्र सेवाराम मौहल्लें के ही अन्य लोगों के साथ हरियाणा प्रदेश में कालीबाड़ी स्थित किसी ईंट भट्ठें पर मजदूरी करने गए थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह दोनों बाइक से हरियाण की सब्जी मंडी में सब्जी खरीद कर बाइक से वापस अपने आवास पर लौट रहे थे इसी दौरान रास्ते में सामने की ओर से आ रहे धान भरे ट्राला से सीधी टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चें उड़ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों की पहचान कर उनके साथी मजदूरों को सूचना दी और दोनों के शव पीएम को भेज दिए। दोनों की मौत पर साथी मजदूरों और परिवारजनों में चीत्कार मच गई। शनिवार की देर शाम हरियाणा पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है। परिजन दोनों के शव लेकर कछला आने के लिए हरियाणा से रवाना हो गए है और उनके देर रात तक कछला पहुंचने की संभावना है।
कछला के करीब छह सौ महिला-पुरूष हरियाणा में मजदूरी करने जाते हैं
मौहल्लावासियों की माने तब कछला वार्ड नंबर 4 मोरवन नगला के छह सौ के करीब महिला-पुरूष अपने परिवारों के साथ हरियाणा में ईंट भट्ठों पर मजदूरी करने के लिए जाते है ताकि वह अच्छी कमाई कर सके। कछला से गत माह 20 सितंबर को सभी लोग हरियाणा मजदूरी करने गए थे लेकिन अचानक हादसे में दो मजदूर साथियों की मौत से सभी गमगीन हो गए है।






