बदायूं। जिले के थाना उझानी क्षेत्र में बरेली मथुरा हाइवे के करूआपुल के समीप बुधवार की दोपहर उस वक्त चीखपुकार मच गई जबकि एक तेज गति के टैक्टर ने महिलाओं से भरे ई रिक्शा को रौंद दिया। हादसे में पांच महिलाओं ने मौके पर दम तोड़ दिया जबकि एक महिला ने मेडीकल कालेज में इलाज के दौरान दम तोड़ा। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए है जिनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी ने एसएसपी के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया साथ ही मेडीकल कालेज पहुंच कर घायलो के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

उझानी थाना क्षेत्र के गांव मुरावन नगला निवासी डाल सिंह पुत्र सुम्मेरी के पुत्र कुंवरपाल की आगामी 29 जून को शादी होनी है। शादी में भात की रस्म को अदा करने के लिए डाल सिंह के परिवार की महिलाएं एक ई रिक्शा में सवार होकर बुधवार की दोपहर अपने मायके भाई को बुलावा देने ढोलक की थाप पर मंगलगीत गाती हुई उझानी के ही गांव गठौना जा रही थी। बताते है कि ई रिक्शा हाइवे के करूआपुल के समीप पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे एक तेज गति के टैक्टर ने ई रिक्शा को सीधे टक्कर मार दी जिससे ई रिक्शा उछल कर दूर सड़क पर जा गिरा और पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि ई रिक्शा में सवार किसी महिला और पुरूष को संभलने तक का मौका नही दिया।
बताते है कि हादसे में ई रिक्शा पलटने से कई महिलाएं सड़क पर जा गिरी और गिरते ही उनकी मौत हो गई। हादसे पर आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंुच गई और सभी को जीवित जानकार उझानी सीएचसी इलाज को भेज दिया। बताते है कि अस्पताल में डाक्टर ने पांच महिलाओं को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं समेत चार को इलाज के लिए मेडीकल कालेज रैफर कर दिया गया। मेडीकल कालेज में इलाज के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया जबकि घायल दो पुरूषों और एक महिला का इलाज जारी है।
हादसे की सूचना पर डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मेडीकल कालेज पहुंचे और घायलो की हालत को जानने के बाद डाक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। डीएम और एसएसपी ने घटना स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान हाइवे की सड़क पर मक्का सूखते देख डीएम ने नाराजगी जताई और तत्काल अधिकारियों से हाइवे की सड़क खाली कराने के निर्देश दिए। छह महिलाओं की मौत की पुष्टि डीएम ने प्रेसवार्ता में कर दी है।
हादसे में इन महिलाओं की मौके पर हुई है मौत
प्रेमा पत्नी रामचंद्र, गंगाजी उर्फ सरला पत्नी वीरपाल, राजकुमारी पत्नी डाल सिंह, रेवती पत्नी रामचंद्र सभी निवासी मुरवान नगला कछला और नारायनी पत्नी जितेन्द्र निवासी गुलाबगढ़ जनपद कासगंज की मौत मौके पर हुई है। जबकि एक महिला ने मेडीकल कालेज में इलाज के दौरान दम तोड़ा है। पुलिस ने सभी शव अपने कब्जेें में लेकर पीएम करा कर परिजनों को सौंप दिए है जबकि ई रिक्शा चालक सनी पुत्र संजू निवासी कछला, डाल सिंह निवासी कछला और एक अन्य महिला का इलाज जारी है।




