बदायूं।सहसवान तहसील क्षेत्र के ग्राम शुकुल्लापुर से सिरकी मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर के निकट से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से चार भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई।
गांव निवासी कृपाल राजकुमार पुत्रगण सिपटृर सिंह की चाह भैंसें सड़क से गुजर रही थी तभी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर उनके ऊपर गिर गया। करंट की चपेट में आने से चारों भैंसों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि भैंसें ही परिवारों की आजीविका का मुख्य साधन थीं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है।
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति गहरा आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में जर्जर तारों और खंभों की स्थिति को लेकर कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नही की।
सूचना मिलने पर थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक भैंसों का पंचनामा भरा। वहीं ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।






