बदायूं। जिले के थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव जाफरपुर में नशेड़ी कोटेदार ने राशन लेने पहुंचे किशोर की न सिर्फ पिटाई लगाई बल्कि उस पर अपना कुत्ता दौड़ा कर कटवाया और जब उसका इससे भी जी न भरा तो वह ईंटे लेकर किशोर के पीछे उसके घर पहुंच गया और उसकी मां को भी ईंटे मार कर लहूलुहान कर दिया। कोटेदार की गुंडई की दहशत में आई किशोर की मां ने तीन दिन बाद बुधवार को तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी रामपाल सिंह की पत्नी राजेश्री ने इस्लामनगर पुलिस को दी गई तहरीर में लिखा है कि गत नौ अगस्त को उसका किशोर बेटा प्रिंस राशन लेने कोटा डीलर महेन्द्र यादव के दुकान पर पहुंचा जहां उसका नशेड़ी बेटा अरविन्द बैठा मिला। मां का कहना है कि उसके बेटे ने राशन की पर्ची निकालने की बात कही तभी अरविन्द उस पर हमलावर हो गया और उसकी पिटाई शुरू कर दी जिसमें वह घायल हो गया। तहरीर में लिखा है कि जब अरविन्द का मन इससे न भरा तो उसने अपना पालतू कुत्ता प्रिंस के ऊपर दौड़ा दिया जिसने प्रिंस को शरीर में कई जगह काट कर घायल कर दिया। मां का कहना है कि जब प्रिंस किसी तरह से बच कर अपने घर भाग कर आया तब अरविन्द भी ईंटे लेकर उसके पीछे दौड़ाता आया और घर में घुस गया।
तहरीर में लिखा है कि जब उसने अरविन्द का विरोध किया तब उसने उसे भी ईंटे मार कर लहूलुहान कर दिया। तहरीर में लिखा है कि शोर शराबा होने पर आसपास के लोग आ गए तब अरविन्द जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग निकला। दबंग कोटेदार के बेटे की करतूत से पीडि़त मां-बेटा दहशत में आ गए और डर की वजह से पुलिस से शिकायत करने नही पहुंचे। बताते है कि परिवार के कुछ लोगों ने पीडि़त मां बेटा को हिम्मत दी तब बुधवार को पीडि़तों ने पुलिस को तहरीर देकर कोटेदार अरविन्द के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर अपने पास रख ली है लेकिन पीडि़तों का मेडीकल कराने की जरूरत नही समझी है।





