उझानी

पुरूषोत्तम मास उत्तम पुरूष बनने का अवसर देता हैः श्रीश गोपाल

Up Namaste

उझानी(बदायूं)। यहां शीतला माता मंदिर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के दूसरे दिन प्रवचन करते हुए कथा वाचक व्यास श्रीश गोपाल ने कहा कि अधिमास में भागवत कथा का श्रवण करने से अनंत कथाओं का पुण्य लाभ प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा से हमारे समस्त पापों से मुक्ति मिल जाती है। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत दिव्य कल्पतरू हैं जो समस्त कामनाओं की प्राप्ति के साथ भगवान की प्राप्ति कराती है। उन्होंने कहा कि भागवत जी पुस्तक ही नही वरन् साक्षात भगवान श्रीकृष्ण हैं।

उन्होंने श्रीमद् भागवत कथा में भागवत के मंगलाचरण, कुंती स्तुति, भगवान के द्वारा राजा परीक्षित की रक्षा का वर्णन करते हुए सुनाया कि भगवान सदैव भक्त के वश में रहते हैं और भक्तों पर आने वाली समस्त विपत्तियों को क्षण भर में दूर कर देते है। उन्होंने कहा कि पांडवों की अनेकों बार विपत्तियां आई लेकिन भगवान श्री कृष्ण ने उनकी भक्ति के कारण उन्हें इससे मुक्त करा दिया। उन्होंने कहा कि भगवान भक्त के दोष नही देखते हैं बल्कि वह उसके गुणों के आधार पर उसका साथ देते हैं। इस अवसर पर कामेश गुप्ता, संतोष वार्ष्णेय, शिव किशोर माहेश्वरी टामसन, वेद शर्मा, राकेश वर्मा, संजय चतुर्वेदी, विनोद गुप्ता, सुभाष सपरा समेत बड़ी संख्या में महिलाओं ने कथा का श्रवण किया।

Leave a Reply

error: Content is protected !!