उझानी

आधी रात के बाद आई तेज आंधी और बरसात से उखड़े कई पेड़, बिजली सप्लाई हुई बाधित

Up Namaste

उझानी,(बदायूं)। बीती आधी रात के बाद मौसम के मिजाज बदलने के बाद आई तेज आंधी और बरसात से नगर के सबसे व्यस्त स्टेशन रोड पर एक बड़ा पाखड़ का पेड़ धराशायी हो गया। गनीमत रही कि रात होने के कारण रेलयात्रियों का आवागमन नही था अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पेड़ गिरने से स्टेशन रोड समेत मिल कम्पाउंड कालोनी के बड़े इलाके में बिजली सप्लाई बाधित हो गई है। इसके अलावा ग्रामीण अंचलों में आंधी और बरसात के चलते कई पेड़ गिर गए जिसका सीधा असर बिजली सप्लाई पर पड़ा है।

नगर के रेलवे स्टेशन के समीप तेज आंधी और बरसात के चलते सड़क किनारे लगा एक बड़ा और मजबूत पाखड़ का पेड़ जड़ से उखड़ कर सड़क पर आ गिरा। इस दौरान रात होने के चलते रेल यात्रियों के अलावा कादरचौक की ओर से आने और जाने वालो का आवागमन बंद था अन्यथा बड़ा हादसा देखने को मिल सकता था। सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया। स्थिति यह थी कि रेल यात्रियों को बची मामूली जगह से निकल कर रेलवे स्टेशन तक पहुंचना पड़ रहा था।

पेड़ गिरने के चलते स्टेशन रोड की सड़क का आवागमन पूरी तरह से बंद होने के कारण कादरचौक की ओर आने व जाने का रास्ता भी बंद हो गया जिससे बड़े और छोटे वाहनों को पंखा रोड होते हुए पुरानी अनाज मंडी से निकाला गया। दोपहर तक पेड़ हटवाने के लिए न तो नगर पालिका परिषद प्रशासन और वन विभाग ने मुस्तैदी दिखाई। पेड़ गिरने के कारण बड़े इलाके की बिजली पूरी तरह से गुल हो गई है जिससे बड़ी संख्या में नागरिक बूंद-बूंद पानी को तरस गए है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!