उझानी(बदायूं)। मंगलवार को अचानक धान की आवक में बढ़ोत्तरी हो जिससे धान लदे वाहनो के कारण नवीन मंडी स्थल के सामने हाइवे पर जाम लग गया जिससे दोपहर तक वाहन रेंगते नजर आ रहे थे। जाम खुलवाने में पुलिस को भी भारी मशक्कत करनी पड़ी।
मंगलवार की तड़के से ही जाम की स्थिति बन गई। धान लदे वाहनों के चालक एक लेन में चलने के बजाय दूसरी लेन में घुस कर आगे निकलने की आपाधापी करने लगे जिससे जाम बढ़ता चला गया। जाम का दूसरा कारण उझानी मंडी में धान की आवक बढ़ना रहा जिसके चलते जाम बना रहा। यहां तैनात पुलिस कर्मी जाम खुलवाने में कड़ी मशक्कत करते नजर आ रहे थे। जाम के कारण यात्रा करने वाले नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। जाम में निजी एम्बुलेंस फंसने से मरीज और उनके तीमारदार परेशान रहे।






