युवक की पत्नी की हो चुकी है मौत
उझानी(बदायूं)। नगर में सोमवार को समलैंगिक शादी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक युवक अपने दोस्त के घर चूहा मार दवा लेकर पहुंचा और उससे शादी कराने का दबाब परिजनों पर बनाने लगा। युवक बोला- हम आपस में समलैंगिक है और शादी करके ही रहेंगे। इस दौरान उसने जमकर हंगामा किया लेकिन किसी तरह परिजनों ने उसे घर के बाहर कर दिया। इसके बाद मामला कोतवाली पुलिस के पास पहुंचा तब पुलिस ने दोनों को समझाबुझा कर घर भेज दिया। इस मामले में एक युवक की मां ने शादी की जिद पर अड़े युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। युवक की पत्नी की मौत हो चुकी है।
नगर की एक कालोनी निवासी 35 वर्षीय युवक आज दोपहर अपने गहरे दोस्त के घर चूहा मार दवा लेकर पहुंच गया और परिजनों पर अपने दोस्त के साथ शादी करने की बात पर अड़ गया। युवक बोला हम समलैंगिक है और एक दूसरे से शादी करना चाहते हैं। इस पर परिजनों ने युवक का जोरदार तरीके से विरोध किया तब वह चूहा मार दवा दिखा कर बोला- अगर उसकी शादी दोस्त के साथ न कराई तो वह उसके घर पर ही जहर खाकर जान दे देगा। युवक की इस धमकी पर परिजन डर गए और मौहल्लावासियों की मदद से उसे घर के बाहर भेज दिया। बताते हैं कि घर पर हंगामा करने के बाद युवक अपने दोस्त को साथ लेकर कोतवाली पहुंच गया और पुलिस से बोला कि वह दोनों आपस में शादी करना चाहते हैं लेकिन परिवार वाले नही मान रहे हैं।
दोनों युवकों की बात सुन कर पुलिस भी चकरा गई लेकिन इस बीच एक युवक की मां कोतवाली पहुंच गई और शादी की जिद पर अड़े युवक पर तमाम गंभीर आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि दो युवक आपस में शादी करने की मांग पुलिस से कर रहे थे लेकिन फिलहाल उन्हें समझाबुझा कर वापस घर भेज दिया है। समलैंगिक शादी की मांग करने वाले युवकों की चर्चा नगर में जब आम हुई तब नागरिकों ने तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि भारत की संस्कृति में समलैंगिकता को कोई जगह नही है ऐसे लोग समाज को खराब करते है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। यहां बताते चले कि शादी की जिद पर अड़े युवक की पत्नी की मौत कुछ समय पहले हो चुकी है। पत्नी की मौत के बाद ही वह अपने दोस्त को दिल दे बैठा और उससे प्यार करने लगा और अब शादी की जिद कर रहा है।





