उझानी(बदायूं)। नगर के बाजार में खरीददारी करने आई एक महिला को कार ने रौंद दिया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। दूसरी ओर कछला से पति के साथ गंगा स्नान करके वापस अपने घर लौट रही बाइक सवार महिला पुलिया पर आए उछाल से सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
नगरर के मौहल्ला बहादुरगंज निवासी 48 वर्षीय रामश्री पत्नी उदयवीर मंगलवार की दोपहर अपने घर से बाजार में खरीददारी करने निकली थी। बताते हैं कि कछला रोड पुरानी अनाज मंडी मोड़ पर तेज गति की कार ने रामश्री को अपनी चपेट में लेकर रौंद दिया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे को अंजाम देने वाला चालक मय कार के मौके से भागने में कामयाब हो गया। बताते हैं कि हादसे के बाद जुटे नागरिकों ने महिला के पति को सूचना दी जिस पर वह अपने अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल लेकर आए। अस्पताल में घायल महिला का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डाक्टर ने जिला अस्पताल बेहतर इलाज को रैफर कर दिया।
दूसरा हादसा बरेली-मथुरा हाइवे पर दहेमू पुलिया के समीप हुआ। यहां सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव कठौली निवासी 60 वर्षीय अशोक कुमार अपनी पत्नी मीना देवी के साथ पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान करने छला मां भागीरथी के तट पर गए थे। बताते हैं कि स्नान के बाद दंपति बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे इसी दौरान दहेमू पुलिया पर बने गढ्डे में बाइक का पहिया आने से बाइक में उछाल आ गए जिसके परिणाम स्वरूप पीछे बैठी मीना देवी सड़क पर जा गिरी और लहूलुहान हो गई। बताते है कि हादसे के बाद पति ने पीआरवी पुलिस को सूचना दी जिससे मौके पर पहुंची पीआरवी पुलिस अपनी गाड़ी में घायल महिला को लेकर अस्पताल पहुंची जहां उसका प्राथमिक उपचार शुरू हुआ। बताते हैं कि मीना देवी की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टर ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया है।