उझानी(बदायूं)। नगर की बरी बाइपास हाइवे पर गुरूवार की शाम सड़क पार कर रहे एक युवक की रोडवेज बस से कुचल कर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव के शिनाख्त का प्रयास किया मगर सफलता न मिलने पर पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस युवक की शिनाख्त के प्रयास में जुट गई है।
गुरूवार की शाम लगभग चार बजे एक युवक किसी बस से बरी बाइपास हाइवे पर उतरा और वह अपने गंतव्य पर जाने के लिए सड़क पार कर रहा था कि सामने से आ रही बुलंदशहर डिपो की रोडवेस बस की चपेट में आकर कुचल गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताते हैं कि हादसे के बाद बस चालक और परिचालक बस छोड़ कर भाग निकले। इस दौरान बस में सवार यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हादसे पर जुटे नागरिकों ने पुलिस को सूचना दी जिससे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मृतक के कपड़ों की जामा तलाशी ली लेकिन उस पर पहचान के लिए कोई कागजात न मिल सका। पुलिस ने नागरिकों और राहगीरों से युवक के शव की शिनाख्त के प्रयास किए मगर पहचान न हो सकी। बताते हैं कि शव की शिनाख्त न होने के चलते पुलिस ने उसके शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए है ताकि शव का पीएम कराया जा सके।




