बदायूं। जनपद में 75वां गणतंत्र दिवस हर्षाेल्लास तथा धूमधाम से मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिलाधिकारी मनोज कुमार ने अपर जिलाधिकारी वित एवं राजस्व राकेश कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी विजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ कलेक्ट्रेट में झण्डा फहराकर तिरंगे को सलामी दी व राष्ट्रगान गाया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान में उल्लिखित संकल्पो की शपथ दिलाई। कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने विचार रखे। स्वतंत्रा संग्राम सेनानियों के परिवारजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। यहां कार्यक्रम का संचालन कुंवर जमशेद ने किया। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी के साथ झण्डा फहराया कर परेड की सलामी ली। भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न समाजवादी पंथ निरपेक्ष लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने का संकल्प लिया। यहां देशभक्ति से सम्बंधित बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम पेश किए गए।
समारोह के मुख्य अतिथि केन्द्रीय मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि भारत के अमृत काल में, 75वें गणतंत्र दिवस के रूप में एक सुनहरी कड़ी जुड़ रही है। यह पावन अवसर हमारे देश के महान संविधान की सफलता का सबसे बड़ा पर्व है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान, अतीत के अनुभवों, वर्तमान की जरूरतों और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखकर बनाया गया दुनिया का सर्वश्रेष्ठ संविधान है। 75 वर्षों का सफर बताता है कि हम एक सफलतम लोकतांत्रिक गणतंत्र के रूप में स्थापित हुए हैं। हमारा संविधान समस्त नागरिकों को सामाजिक-आर्थिक और राजनैतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता का अधिकार प्रदान करता है।
जनपद की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि कड़ी मेहनत के बाद देश को गणतंत्र प्राप्त हुआ है। आज हम स्वतंत्रता की घड़ी में सांस ले रहे हैं। गणतंत्र में सर्वाधिक महत्वपूर्ण होता है, आम जनता की इच्छाओं, आकांक्षाओं का सम्मान, प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा का ध्यान, प्रत्येक नागरिक की आवश्यकताओं की पहचान और उसके अनुसार सरकार की नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों का संचालन हो रहा है। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा, जनपद की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी और सांसद संघमित्रा मौर्य, सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने पुलिस अधिकारियों को मेडल व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। विभिन्न विद्यालयों द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बच्चों प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार एसपी सिटी एके श्रीवास्तव एसपी आरए राम मोहन सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण मौजूद रहे।
उझानी। अयोध्या प्रसाद मैमोरियल पीजी कालेज में 75 वां गणतंत्र दिवस उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। प्रबंध समिति के अध्यक्ष विष्णु भगवान अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। श्री अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि महापुरूषों की बदौलत आज हम यह क्षण मनाने को एकत्र हैं। निदेशक डॉक्टर एम.एस.ए. अग्रवाल ने स्वतंत्रता के अमर शहीदों को याद करते हुए देश के लिए उनके त्याग और बलिदान को याद किया जाएगा। इस मौके पर उपप्रचार्य श्री शिशुपाल सिंह, चीफ प्रॉक्टर डा. त्रिवेन्द्र कुमार सिंह, डॉक्टर सुचि गुप्ता, डा. शिल्पी पांडे, दौलत राम, जीतपाल, सौरभ शुक्ला, संजीब, मनोज, गौरव माहेश्वरी आदि मौजूद रहे। नगर के मदरशील मैमोरिय अकादमी में प्रधानाचार्य रेनू थरेजा ने निदेशक भारत थरेजा और बच्चों एवं शिक्षकों के साथ ध्वजारोहण किया। क्षेत्र के गांव वनगवां स्थित एसएन इंटर कालेज में प्रबंधक सतेन्द्र कुमार सिंह चौहान ने ध्वजारोहण कर देश पर जान न्यौछावर करने वाले शहीदों का नमन करते हुए श्रद्धांसुमन अर्पित किए।