बदायूं। बिसौली तहसील के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव सुरैनी पापड़ी गांव में शुक्रवार को दर्दनाक घटना हो गई। गांव स्थित मेंथा टैंक की सफाई करने उतरे दो सगे भाईयों की जहरीली गैस से दम घुटने के कारण मौत हो गई जबकि उन्हें बचाने टैंक में उतरे तीसरे भाई की हालत गंभीर है। उसे मुरादाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंचे ग्रामीण अगर हिम्मत न दिखाते तो और बड़ा हादसा हो सकता था।

गांव सुरैनी पापड़ी निवासी बट्टू सिंह के दो बेटे बेटों जयवीर, राजेश अपने भाई मनवीर के साथ अपने खेत में लगे मेंथा प्लांट के टैंक की सफाई करने गए थे। बताते है कि पहले जयवीर टैंक के अंदर उतरा, उसके बाद राजेश भी टैंक में उतर गया। बताते है कि दोनों टैंक के अंदर जहरीली गैस के चलते अचानक बेहोश होकर टैंक में ही गिर गए। बताते है कि दोनों भाईयों को टैंक में गिरते देख तीसरा भाई मनवीर भी उतर गया, लेकिन वह भी अंदर जाकर बेहोश हो गया। बताते है कि मौके पर मौजूद पिता बट्टू ने जब नजारा देखा तो उन्होंने शोर मचा दिया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण वहां एकत्र हो गए और ग्रामीणों ने मुंह पर कपड़ा आदि बांध कर अंदर घुसने के बाद जैसे तैसे तीनों को बाहर निकाला।
बताते है कि ग्रामीणों ने पहले तो तीनों को होश में लाने का प्रयास किया मगर सफलता न मिली तब तीनों को चन्दौसी के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने जयवीर और राजेश को मृत घोषित कर दिया जबकि मनवीर की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर मुरादाबाद ले जाया गया है। दो भाइयों की एक साथ मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। दो भाईयों की मौत से पूरा गांव गमगीन हो गया है।




