बदायूं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव सुमन तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में आगामी 12 सितम्बर को जनपदीय न्यायालय परिसर में प्रातः दस बजे से राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शाम तक किया जाएगा। लोक अदालत जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में किया जाना सुनिश्चित किया गया है।
राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाये जाने हेतु जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेश के अनुपालन में नोडल अधिकारी राजवीर सिंह, श्रीमती सुमन तिवारी, प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बदायूँ द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत में समस्त न्यायिक मजिस्ट्रेटगण के फौजदारी वाद, समनीय वाद, चैक बांउस से संबंधित धारा 138 एन0आई0एक्ट के वाद, लघु वाद, सिविल वाद व अन्य प्रकार केे वादों के निस्तारण हेतु बैठक मंगलवार को आहूत की गयी।
बैठक में उपस्थित समस्त न्यायिक अधिकारीगणों को निर्देशित किया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में जनसामान्य को सूचित कर अधिकाधिक संख्या में प्री-लिटीगेशन विवादों को नियत कर आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण कराने का यथासम्भव प्रयास करें।





