उझानी,(बदायूं)। सावन के अंतिम रविवार को गंगा स्नान करने और जल भर कर लाने वाले शिवभक्तों का रैला उमड़ पड़ा। नगर के मंडी समिति तिराहें पर भक्तों का रैला देख सीओ उझानी घबरा गए और उन्होंने गंगा स्नान करने कछला की ओर जा रहे शिवभक्तों से भरे ई रिक्शों पर अचानक रोक लगाते हुए पीछे की ओर धकलवा दिया। सीओ उझानी के इस कदम से शिवभक्तों में उझानी पुलिस प्रति आक्रोश व्याप्त हो गया।
कांबड़ यात्रा के समापन वाले रविवार को गंगा स्नान करने और जल भर कर लाने वाले शिवभक्तों की संख्या सुबह से लगातार बढ़ती ही जा रही थी। रूट डायवर्जन होने के कारण शिव भक्त टैम्पो, ई रिक्शा और पिकअप वाहनों से कछला की ओर जा रहे थे। बताते हैं कि दोपहर में मंडी तिराहें पहुंचे सीओ उझानी ने जब भीड़ देखी तो वह घवरा कर तैश में आ गए और ई रिक्शा एवं टैम्पों को आगे जाने से रोक दिया जबकि पिकअप वाहन और टैªक्टर ट्राली को नही रोका। जब ई रिक्शा और टैम्पों के यात्रियों ने सीओ को बताया कि गंगा स्नान को जा रहे है फिर भी सीओ उझानी ने आगे जाने की इजाजत न दी। सीओ उझानी के इस रवैये पर शिवभक्तों में पुलिस के प्रति आक्रोश व्याप्त हो गया।
शिवभक्त मौके पर बोले अगर पुलिस को इतनी ही सख्ती करनी थी तो कछला जाने वाले शिवभक्तों के लिए बस या अन्य साधन उपलब्ध कराना चाहिए था। उनका कहना था कि शिवभक्तों को परेशान करना ही पुलिस का मकसद था। जब सीओ से पूछा गया कि क्या ई रिक्शा और टैम्पो रोकने से भीड़ कम हो जाएगी तब वह तपाक से बोले- हमारा काम भीड़ कंट्रोल करना है और इसे हम करके रहेंगे।




