बरेली। पूर्वाेत्तर रेलवे इज्जतनगर की मंडल रेल प्रबंधक, सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में पीलीभीत-टनकपुर रेलखंड के मध्य चार प्राथमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के साथ ‘शिक्षा अदालत’ आयोजित की गई तथा समपार संख्या 12/बी,13/सी, 14/सी, 15/सी, 19/सी, 22/सी, 23/सी तथा 24/सी पर ग्रामीणों एवं सड़क उपयोगकर्ताओं को रेल संरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर रेल कर्मियों ने विद्यार्थियों को बताया कि रेलवे ट्रैक को अनाधिकृत स्थानों से पार न करें तथा केवल अधिकृत रेलवे फाटकों से ही ट्रैक पार करें साथ ही, गेटमैन पर रेलवे फाटक खोलने के लिए अनावश्यक दबाव न डालने के लिए भी जागरूक किया गया। रेल कर्मियों ने रेलवे ट्रैक तथा विद्युत पोल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, पशुओं को रेलवे ट्रैक के पास न चराने, रेलवे लाइन के आसपास पतंग न उड़ाने, रेलवे ट्रैक पर सेल्फी न लेने तथा ट्रैक पार करते समय हेडफोन का प्रयोग न करने का आह्वान किया। इस दौरान बच्चों तथा नागरिकों में रेल कर्मियों ने पोस्टर बांट कर उन्हें रेल संरक्षा के प्रति जागरूक किया। जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य सुरक्षा एवं संरक्षा संबंधी सावधानियों को विद्यार्थियों एवं शिक्षकों तथा आम जनमानस तक पहुंचाना तथा रेल दुर्घटनाओं की रोकथाम में जनसहभागिता सुनिश्चित करना था।





