बदायूं। जिले के जरीफनगर थाने की बस्तियोई पुलिस चौकी पर तैनात प्रभारी दरोगा समेत पांच पुलिस कर्मियों को एसएसपी ने निलम्बित कर दिया है। इन पुलिस कर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने दबिश के दौरान आरोपी के परिजनों से मारपीट और अभद्रता की थी। मामले की जांच सीओ सहसवान ने की और इसके बाद पांचों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
पुलिस चौकी प्रभारी दरोगा मनीष भारद्वाज, सिपाही हरीश, सुरजीत, संदीप भाटी, लोकेश बीते दिनों गांव दियोहरा शेखपुर पहुंचे जहां उन्होंने एनडीपीएस के मामले में जमानत पर चल रहे उदय प्रकाश के यहां दबिश दी। परिजनों का आरोप है कि उदय प्रकाश के न मिलने पर पुलिस कर्मियों ने उनके साथ मारपीट की अभद्रता की हदे पार कर दी। बताते है कि पीड़ित उदय प्रकाश ने पुलिस अधिकारियों से इसकी शिकायत की जिसके बाद एसएसपी अंकिता शर्मा ने इसकी जांच सीओ सहसवान अशोक कुमार से कराई। जांच में सही तथ्य आने के बाद एसएसपी ने पांचो पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है।





