पीलीभीत। बरेली मंडल के भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अधिकारियों और कर्मियों द्वारा रिश्वतखोरों को पकड़ने का सिलसिला जारी है इसके बाबजूद रिश्वतखोर सरकारी आधिकारी और कर्मचारी मुफ्त का धन बटोरने का मोह नही छोड़ पा रहे है और जेल की हवा खाकर नौकरी तक को दांव पर लगाने से बाज नही आ रहे हैं। शुक्रवार की दोपहर संगठन के अधिकारियों ने पीलीभीत के पंचायती राज विभाग के प्रधान सहायक को 50 हजार रुपया की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। संगठन के अधिकारियों ने उसे जेल भेजने के लिए थाना न्यूरिया पुलिस के हवाले कर दिया है।
एंटी करप्शन टीम ने पीलीभीत के पंचायती राज विभाग के प्रधान सहायक संजय कुमार तोमर के खिलाफ आई शिकायत के बाद अपनी रणनीति बनाई। शिकायतकर्ता पूरनपूर निवासी राजीव सक्सेना ने रिश्वतखोर प्रधान सहायक से परेशान होकर एंटी करप्शन टीम को बताया कि उसकी पत्नी की चिकित्सा प्रतिपूर्ति की रकम करीब नौ लाख रुपया जारी करने के लिए प्रधान सहायक संजय तोमर 50 हजार की रिश्वत मांग रहा है और उसे लगातार परेशान कर रहे है। शिकायत आने के बाद टीम ने जांच कराई और उसे सही पाया तब शुक्रवार की दोपहर लगभग दो बजे विकास भवन के कक्ष संख्या आठ में पीड़ित को 50 हजार की रकम के साथ प्रधान सहायक संजय तोमर के पास भेजा।
बताते हैं कि जैसे ही प्रधान सहायक ने रिश्वत के रुपया लिए तभी टीम ने उसे रंगें हाथों पकड़ कर रिश्वत की रकम बरामद कर ली। बताते हैं कि टीम द्वारा प्रधान सहायक के पकड़ने की चर्चा हुई तब पूरे विकास भवन के कर्मियों में हड़कम्प मच गया। टीम रिश्वतखोर प्रधान सहायक को पकड़ कर न्यूरिया थाना लेकर आई और विधिक कार्रवाई कर जेल भेजने के लिए पुलिस के हवाले कर दिया।