जनपद बदायूं

एंटी करप्शन टीम ने पकड़ा बिजली थाने में तैनात रिश्वतखोर दरोगा, सिविल लाइन पुलिस के किया हवाले

Up Namaste

बदायूं। शहर स्थित द्वितीय विद्युत वितरण खंड कार्यालय परिसर से बुधवार की दोपहर बरेली मंडल की एंटी करप्शन टीम ने छापामारी कर बिजली थाने में तैनात एक दरोगा को छह हजार की रिश्वत लेते वक्त रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दरोगा के पकड़े जाने के बाद बिजली थाना पुलिस में हड़कम्प मचा हुआ है।

पीड़ित हेमराज पुत्र पूरनलाल निवासी गांव नैथू थाना अलापुर ने एंटी करप्शन टीम को सूचना दी कि बदायूं के बिजली थाने में तैनात दरोगा कृष्णपाल उसके विरूद्ध दर्ज चोरी के मुकदमें में जेल न भेजने और मुकदमे का निस्तारण करने के नाम पर उससे छह हजार रुपया की रिश्वत की मांग करते हुए उसे परेशान कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने पूरे मामले को संज्ञान में लिया और फिर पीड़ित हेमराज को छह हजार रुपया के साथ दरोगा के पास भेजा।

बताते है कि पीड़ित हेमराज ने उसावा रोड स्थित द्वितीय विद्युत वितरण खंड परिसर में दरोगा को छह हजार रुपया रिश्वत के दिए इसी दौरान एंटी करप्शन टीम ने दरोगा का मय रुपया के रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई छापामारी से पूरे परिसर में हड़कम्प और अफरा तफरी मच गई। टीम ने पकड़े गए दरोगा के खिलाफ सिविल लाइन थाना में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस के हवाले कर दिया है जहां से पुलिस दरोगा को जेल भेजेगी। दरोगा मूल रूप से बरेली जनपद के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!