बदायूं। महाशिवरात्रि का महापर्व बदायूं जिले में आस्था, श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। जिले भर के शिवालयों में भगवान शंकर का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों का सैलाव तड़के से ही उमड़ना शुरू हो गया और फिर महादेव के जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ जो शाम तक चला रहा। कछला गंगातट से जल लाकर भक्तों ने भगवान शंकर का गंगाजल से अभिषेक किया। हर हर महादेव के जयघोष सुबह से लेकर रात तक गुंजायमान होते रहे।
बुधवार को महाशिवरात्रि का महापर्व बड़ी ही भक्तिभाव और धूमधाम के साथ मनाया गया। महाशिवरात्रि पर भक्तों का सैलाव तड़के से ही शिवालयों में पहुंचना शुरू हो गया था। भक्तों के सैलाव से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह महाशिवरात्रि के महापर्व का बेसब्री से इंतजार कर रहे हों। तड़के नर-नारियों और बच्चों ने शिव मंदिरों में देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक प्रारंभ किया तभी हर हर महादेव के जयघोष गुंजायमान हो उठे। जलाभिषेक सुबह से लेकर शाम तक चलता रहा।
जिले के सुप्रसिद्ध बिरूआबाड़ी शिवमंदिर, बुर्राफरीदपुर का शिवालय, पटना देवकली का शिवमंदिर समेत जिले भर के मंदिरों में शिवभक्तों की आकाशगंगा उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में कांवरयात्रा के साथ गंगाजल लेकर पहुंचे भक्तों ने इन मंदिरों समेत पूरे जिले के मंदिरों महादेव का जलाभिषेक किया। जलाभिषेक के दौरान नर नारी और बच्चों ने भगवान शंकर की पूजा अर्चना की और सबके कल्याण की प्रार्थनाएं महादेव से की। महाशिवरात्रि के महापर्व पर जिले भर के शिवालयों को आकषर्ण और भव्यता के साथ सजाया संवारा गया। भक्तों को किसी प्रकार की परेशान न हो इसके लिए तमाम उपाय किए गए। जलाभिषेक के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए पुलिस सजग नजर आ रही थी। जिले भर के कई गांवों और कस्बों में शिवरात्रि मेलों का भी आयोजन हो रहा है।