बदायूं। कमाऊ नीति में लगी बिसौली पुलिस को चुनौती देते हुए चोरों ने एक व्यापारी के घर का ताला दिन दहाड़े तोड़ कर अंदर घुसने के बाद करीब नौ लाख की नकदी और 10 तोला सोना चोरी कर ले जाने में सफल रहे। घर लौटे व्यापारी ने जब ताला टूटे देखे तब उसे चोरी की जानकारी हुई। व्यापारी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। दिन दहाड़े हुई चोरी की वारदात से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।
नगर की खाटू श्याम कालौनी निवासी युवा व्यापारी विपिन शर्मा मंगलवार की दोपहर अपनी पत्नी के साथ घर में ताला डाल कर वजीरगंज किसी काम से गए थे। इस बीच चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ कर पूरे घर को खंगाल डाला और घर में रखी सेफ का लॉक तोड़ कर लॉकर को भी तोड़ दिया और उसमें रखी करीब नौ लाख की नकदी और 15 लाख से अधिक का दस तोला सोना चोरी करने के बाद माल समेत फरार हो गए। बताते है कि करीब तीन बजे व्यापारी जब अपने घर लौटा तब घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए।
बताते है कि व्यापारी विपिन जब घर के अंदर पहुंचे तो घर मेें रखी सेफ से नकदी और सोना गायब देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। व्यापारी ने दिन दहाड़े हुई चोरी की वारदात की सूचना पुलिस को दी। इस बीच व्यापारी के यहां चोरी की सूचना पर आसपास के नागरिक एकत्र हो गए और उनके मन में चोरों की दहशत व्याप्त हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी गृहस्वामी से ली। दिन दहाड़े हुई चोरी से नागरिकों में सनसनी फैल गई है। नागरिकों का कहना है कि बिसौली ही क्या पूरे जिले की पुलिस अपनी स्वार्थ भरी कमाई मंे लगी हुई है जिससे पुलिस का ध्यान अपराधियों पर नही है जिसका फायदा उठा कर अपराधी लोगों को कंगाल करने में लगे हुए है।




