बदायूं। बिहार से लेकर दिल्ली के बाद अब बदायूं में भी एक प्रेमी युगल को पकड़ कर मारपीट करने, रुपया लूटने और युवकी के साथ छेड़खानी करते हुए वीडियो बना कर वायरल करने का मामला सामने आने पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने फरार चौथे आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में युवती के साथ हैवानियत का यह मामला गत 17 सितम्बर का है। इस दिन एक युवक और युवती को जंगल में वही के कुछ युवकों ने आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। पहले तो युवकों ने दोनों की पिटाई लगाई फिर युवक के पास मौजूद 15 सौ रुपया लूट लिए। आरोपी युवकों ने युवती के साथ छेड़खानी करनी शुरू कर दी और वीडियों भी बना लिया। बताते है कि इस दौरान शोर शराबे पर पहुंचे राहगीरों के कहने पर प्रेमी युगल को छोड़ तो दिया मगर आरोपियों ने वीडियो वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने की जानकारी होने पर पुलिस ने जांच शुरू की और पीड़िता से बातचीत की। पहले तो परिवार बदनामी के डर से राजी न हुआ लेकिन फिर पूरी दास्तां बयां कर दी। इसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार को तीन आरोपियों सुगेन्द्र यादव, छोटे जाटव और बेंचे जाटव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जबकि फरार चौथे आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि इस मामले में जो भी दोषी होगो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






