जनपद बदायूं

रंगारंग कार्यक्रमों के बीच मनाया गया संविधान दिवस

Up Namaste

बदायूं। जिले में संविधान दिवस धूमधाम से मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम डी पॉल स्कूल में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ0 संघमित्रा मौर्य ने फीता काटकर दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं जन जागरुकता अभियान की शुरुआत की।

मुख्य मंच पर संविधान की उद्देशिका के पाठ के बाद विभिन्न प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बदायूँ की सांसद डॉ0 संघमित्रा मौर्य ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे आसपास के ही कई देश बिखर रहे हैं, लेकिन भारत के संविधान की वजह से ही विविधताओं से भरा ये देश आज भी एकता के सूत्र में बंधा हुआ है और हर दिन सफलता के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है।
विशिष्ट अतिथि सीडीओ केशव कुमार ने कहा कि संविधान को लेकर केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी ज्ञान का खजाना है, इसमें दुर्लभ तस्वीरें हैं और बेहद जरूरी जानकारियां हैं। इसीलिए हम सभी को चाहिए कि इन जानकारियों को संजोकर रखें।

जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवेश कुमार ने कहा कि संविधान दिवस पर आयोजित ये कार्यक्रम युवाओं खासकर स्कूली छात्र छात्राओं के लिए ज्ञानवर्धक है। कार्यक्रम के आयोजक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नीरज कुमार भट्ट ने बताया कि पहले दिन लोगों की प्रतिक्रिया बेहद सराहनीय रही। चित्र प्रदर्शनी 27 नवंबर तक लगी है। ऐसे में जिले के लोग ज्यादा से ज्यादा संख्या में आकर इस जागरुकता अभियान का लाभ ले सकते हैं।
कार्यक्रम स्थल पर प्रश्नोत्तरी, नृत्य सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार भी दिए गए।

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!