बदायूं। उझानी पुलिस की अपराधियों पर तमाम सख्ती के बाद भी शनिवार की दोपहर सक्रिय अपराधियों ने राह चलती महिला को झांसे में लेकर उसे बहन बनाया और फिर अपने साथ सूनसान गली में ले जाकर उसके कानों से कीमती सोने के कुंडल उतार लिए और फरार हो गए। पीड़ित महिला को जब तक अपने साथ हुई घटना को समझ पाई तब तक अपराधी दूर जा चुके थे। पीड़ित महिला ने कोतवाली पहुंच कर पुलिस को तहरीर देकर अपराधियों को पकड़ने की गुहार लगाई है।
नगर के मौहल्ला अहिरटोला निवासी सुनील प्रजापति की पत्नी श्रीमती दुर्गेश ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि शनिवार की दोपहर वह अपने घर से अपनी जेठानी के घर आने के लिए निकली। पीड़िता ने बताया कि रास्ते में उसे दो युवक मिले जो उसे अपनी बहन बताने लगे और फिर दोनों ने अपनी बातों में ऐसा उलझाया कि वह उनके कहने पर उनके साथ चल दी। पीड़िता ने बताया कि देवनागरी स्कूल के सामने वाली गली में दोनों युवक उसे सूनसान सी रास्ते पर ले गए और फिर उनसे कानों में पहले सोने के कुंडल उतार लिए। पीड़िता का कहना है कि सोने के कुंडल लूट कर दोनों युवक भाग निकले। उसने यह भी बताया कि जब एक युवक कुंडल उतार रहा था तो दूसरा युवक रास्ते पर नजर रख रहा था।
पीड़िता ने बताया कि दोनों युवकों ने पता नही ऐसा क्या किया कि उसे होश ही नही रहा और जब होश आया तब उसने अपने परिजनों को वारदात के बारे में बताया। पीड़िता ने बताया कि उसके सोने के कुंडल करीब एक तौला वजनी थे और उसकी कीमत करीब डेढ़ लाख के आसपास होगी। पीड़िता ने पुलिस से अपराधी युवकों को पकड़ कर उसके सोने के कंुडल बरामद कर वापस दिलवाए जाने की गुहार लगाई है। दिन दहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। नागरिकों का कहना है कि पुलिस चाहे कितनी ही सख्ती क्यों ने कर लें लेकिन अपराधी वारदात को अंजाम देने से नही चूक रहे हैं।






