बदायूं। जिले पर में जाते हुए मानसून का कहर लोगों को मुसीबत बन गया है। पिछले 16 घंटों से लगातार तेज हवाओं के साथ हो रही बरसात से जनजीवन पर भारी असर पड़ा है। बरसात से लोग अपने घरों में कैद होकर रह गए है वही बेघर और बेसाहरा बरसात के कहर से बचने के लिए सुरक्षित स्थान के लिए जद्दोजहद कर रहे है। बरसात के साथ तेज हवाओं ने खेतों में खड़ी फसलों को प्रभावित किया है।
शुक्रवार की शाम से शुरु हुई बरसात ने रात से ही विकराल रूप ले लिया। बरसात के साथ ही तूफानी हवाओं ने कहर ढाना शुरू कर दिया स्थिति यह है कि शनिवार के दोपहर डेढ़ बजे तक मानसून का कहर जारी था। तूफानी हवाओं के साथ बरस रहे पानी से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। लोग घरों में कैद होकर रह गए है। तेज बरसात के चलते निचले इलाकों समेत पूरे जिले के कस्बा नगरों और ग्रामीण इलाकों की सड़कों-गलियों में पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है।
बरसात के चलते लगभग पूरे जिले में बिजली सप्लाई गुल है जिससे जिले की जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रह है और नागरिक बूंद-बूंद पानी को तरसे हुए बिजली विभाग से सवाल पूछ रहे है कि बिजली सप्लाई कब तक गुल रहेगी। भारी बरसात के चलते बाजारों में सन्नाटा पसर गया है वही दिहाड़ी मजदूर बरसात के चलते काम न मिलने से परेशान नजर आए और उन्हें अपने परिवार की जीविका पर चिंता हो रही थी। बरसात का कहर कम होने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है।






