बदायूं। उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी बदायूं एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, तलाशी व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्कता बरतने तथा परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा संचालन संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए बनाए गए इंतजामों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों के साथ सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।




