बरेली। रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली तथा पूर्वाेत्तर रेलवे, गोरखपुर के निर्देशानुसार इज्जतनगर मंडल में स्वच्छता ही सेवा के समापन के तहत आज ‘स्वच्छ भारत दिवस’ के अवसर पर रेलवे ऑफिसर्स क्लब, इज्जतनगर में मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा की अध्यक्षता में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करने के साथ-साथ स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों एवं विभिन्न रेल इकाइयों को सम्मानित भी किया गया। समारोह का शुभारंभ में मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा ने अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज कुमार एवं समस्त शाखा अधिकारियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित किया तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उनके चित्रों पर माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सुश्री सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल हमारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक भागीदारी का विषय है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने उपस्थित नरवो संचालित स्कूली बच्चों, शिक्षकों तथा रेल कर्मियों से स्वच्छता के संबंध में संवाद भी किया।
इसके पश्चात वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम श्री नवीन शर्मा द्वारा पीपीटी के माध्यम से ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत मंडल में आयोजित विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा स्वच्छता संबंधी नुक्कड़ नाटक, कविताएं एवं गीत के माध्यम से रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं। समारोह में स्वच्छता में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विभिन्न रेल कर्मियों के अलावा छात्र छात्राओं को सम्मानित कर प्रमाण पत्र दिए गए। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम ने सभी अतिथियों, शाखा अधिकारियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।






