बरेली। पूर्वाेत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल स्थित यांत्रिक कारखाना, इज्जतनगर में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक “स्वच्छता ही सेवा” अभियान का आयोजन “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” थीम के साथ किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत कारखाने में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता की जा रही है।
अभियान के क्रम में कारखाना परिसर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक श्रमदान कर कार्यस्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता सुनिश्चित की गई। इस अवसर पर स्वच्छता के महत्व एवं स्वच्छ आदतों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के संदेश के साथ नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया।
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित कार्यस्थल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्य कारखाना प्रबंधक श्री अशोक कुमार द्वारा पौधरोपण किया गया। उनके निर्देशन में कारखाने की विभिन्न शॉपों में भी पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर कर्मचारियों को अधिकाधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया। पौधरोपण कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ एवं हरित कार्यस्थल के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य कारखाना प्रबंधक श्री अशोक कुमार ने कहा कि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निरंतर सहयोग एवं सहभागिता के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित कार्यस्थल बनाए रखने का आह्वान किया।






