जनपद बदायूंधर्म संसार

सावन की शिवरात्रि को शिव की भक्ति में डूबा बदायूं जिला, शिवभक्त कांबरियों का उमड़ा सैलाब

Up Namaste

बदायूं। सावन माह की शिवरात्रि (शिव तेरस) पर जनपद के शिव मंदिरों में आस्था का सैलाव उमड़ पड़ा और शिव भक्तों ने शिवलिंग का जलाभिषेक करते हुए हर-हर महादेव के जयघोष को गुंजायमान कर दिया। सावन की शिवरात्रि पर गंगाजल लाने वाले शिवभक्त कांबर पद यात्री बड़ी संख्या में निकले और सुन्दर झांकियों से पूरे जनपद को शिव की भक्ति से नागरिकों को सराबोर करते नजर आ रहे थे।

शिवरात्रि की प्रातःकाल से ही शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। नर-नारी और बच्चें जल लेकर मंदिरों में पहुंचे और भगवान शंकर की पूजा अर्चना और आराधना करने के उपरांत शिवलिंग का जलाभिषेक किया और महादेव की भक्ति से आसपास के वातावरण को सुगंधित कर दिया। शिवतेरस पर बड़ी संख्या में नागरिक विशेकर युवा वर्ग कछला गंगा तट से पवित्र जल लेकर शिवालयों में पहुंचा और भगवान शंकर का जलाभिषेक गंगाजल से कर हर हर महादेव के जयघोष को गुंजायमान कर दिया। जिले के उपनगर उझानी, बिल्सी, सहसवान, बिसौली, वजीरगंज, इस्लामनगर, दातागंज समेत पूरे जिले में शिव तेरस पर नागरिकों ने भक्तिभाव के साथ भगवान शिव की पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया।

सावन की शिवरात्रि पर बदायूं के अलावा बरेली, पीलीभीत, कासगंज, रामपुर, शाहजहांपुर समेत अन्य जनपदों के शिव भक्त कांबर पद यात्रियों ने उझानी से लेकर अपने गंतव्यों तक शिव मंदिरों में जलाभिषेक किया। शिव भक्त कांबर पद यात्री सुन्दर झांकियों और डीजे की धुन पर बज रहे शिव भजनों पर झूमते गाते उझानी बदायूं होते हुए अपने गंतव्य की ओर चल रहे थे। शिव भक्त कांबर पद यात्रियों की भारी संख्या को देखते हुए वाहनों का आवागमन लगभग बंद सा रहा। शाम के वक्त पूरे जिले के मंदिरों में नागरिकों विशेषकर महिलाओं ने ढोल मजीरों के साथ देर रात तक भजन कीर्तन किया। शिव तेरस को पूरा जिला शिवमय नजर आ रहा था।

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!