उझानी(बदायूं),(यूपीएन ब्यूरो)। यहां चल रहे तीन दिवसीय महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव समारोह का बीती देर रात समापन हो गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने अपनी शानदार रंगारंग और धार्मिक प्रस्तुति देकर मन मोह लिया। इस दौरान प्रतिभागिायों और छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि सामाजिक एकजुटता प्रगति की पहचान होती है।

मिल कम्पाउंड स्थित महाराजा अग्रसेन श्रवण कुमार अग्रवाल धर्मशाला में तीन दिवसीय महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत अंतिम दिवस सामाजिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में सभी ने एक दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर अग्र समाज के लोगों को मंत्र मुग्ध कर दिया। इस अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष विमल कृष्ण अग्रवाल, अग्रसेवा सेवा समिति के महामंत्री विष्णु गोयल और वरिष्ठ समाज सेवी एवं सर्राफा कमेटी के पूर्व अध्यक्ष संजय मित्तल ने प्रतिभागी बच्चों के अलावा अग्र समाज के छात्र छात्राओं को पुरस्कृत किया।
समारोह का समापन श्याम बाबा की आरती से हुआ। आरती की प्रस्तुति पर मौजूद लोगों के साथ आसपास के नागरिकों में भक्ति का वातावरण बन गया। समापन पर महामंत्री विष्णु गोयल ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान राजकुमार बंसल, बदायूं अग्रवाल सभा के अध्यक्ष विपिन अग्रवाल, बिसौली के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, चंदौसी के अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल, दीप गोयल, डा. पीके गोयल, डा. एके गोयल, गगन मित्तल, उदय सिंघल के अलावा शालिनी सिंघल, निशा गोयल, सुनीता बंसल समेत समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।






