बदायूं। जिले के थाना बिनाबर क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात कलयुगी पुत्र ने कुल्हाड़ी से बार कर अपने पिता की हत्या कर दी और फरार हो गया। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है वही परिजन चीत्कार कर उठे है। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजने के बाद आरोपी बेटे की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव ब्यौर निवासी 60 वर्षीय राधेश्याम अपने घर की बैठक में शुक्रवार की रात सो रहे थे इसी दौरान पहुंचे पुत्र अहिवरन ने कुल्हाड़ी से बार कर अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया और मौके से भाग निकला। राधेश्याम की चीख पर परिजन बैठक में पहुंचे तब राधेश्याम का रक्तरंजित शव देख उनके होश उड गए। परिजनों ने पुलिस को हत्या की सूचना दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरु कर दी।
हत्या के कारणों में बताया जा रहा है कि अहिवरन ने स्वयं सहायता समूह की किस्त जमा करने के लिए अपने पिता से रुपया मांगे जिस पर उन्होंने रुपया देने से इंकार कर दिया तब गुस्से में आए अहिवरन ने अपने पिता की हत्या कर दी।






