बदायूं। जिले के थाना कुंवरगांव क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस वे पर अचानाक आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में चंडीगढ़ जा रही तेज गति की कार पलट गई। हादसे में नेपाल की रहने वाली दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि अन्य कार सवार घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलो को अस्पताल भेजा जहां एक अन्य घायल की भी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जें में ले लिया है।
बुधवार की तड़के एक तेज गति की कार गंगा एक्सप्रेस वे से गुजर रही थी, इसी दौरान कुंवरगांव थाना क्षेत्र में किमी 175 पर अचानक एक कुत्ता सड़क के बीचोंबीच आ गया जिसे बचाने के प्रयास में कार पलट गई और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे को देख ग्रामीण एकत्र हो गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को सीधा करा कर उसमें फंसे लोंगों को निकाला लेकिन तब तक दो महिलाओं की मौत हो चुकी थी। मृत महिलाओं की शिनाख्त घायलो ने करते हुए बताया कि हादसे में मरने वाली नेपाल देश के जिला डांग निवासी दीपना खात्री (32 वर्ष) पत्नी नेमबहादुर और विपना सुनमगर (32) पत्नी विशाल है।
घायलो ने बताया कि वह सभी अलग-अलग परिवारों से रहे हैं और बहराइच के रूपैड़िया से चंडीगढ़ जाने के लिए कार में सवार हुए थे। घायलो ने बताया कि कार में कुल नौ लोग सवार थे लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। हादसे में नेपाल निवासी चालक दीपक ओली (28), पुष्पा (40), ज्ञान बहादुर मल्ल (22), यादव पोडे (22), विनोद (2), सिमोन (10) और एक अज्ञात व्यक्ति घायल हुआ है। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। जिला अस्पताल में अज्ञात घायल ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शवों को अपने कब्जें में लेकर मृतकों के परिजनों को सूचना दी है वही अज्ञात शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए है। बदायूं में गंगा एक्सप्रेस वे पर लगातार हो रहे हादसों के बाद भी प्रशासन ने हादसे रोकने के लिए ठोस कदम नही उठाएं हैं जिससे बुधवार को भी भीषण हादसा देखने को मिला है।





