बदायूं,(यूपीएन ब्यूरो)। भाजपा ने सोमवार को प्रदेश कार्य समिति के 548 सदस्यों की घोषणा कर दी है जिसमें ब्रज प्रदेश की कार्यकारिणी में बदायूं से दातागंज के पूर्व विधायक सिनोद शाक्य का नाम शामिल है। पूर्व विधायक सिनोद शाक्य ने आज ही लखनऊ में भाजपा से बिसौली के पूर्व विधायक कुशाग्र सागर के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल होकर बदायूं की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। दोनों पूर्व विधायकों के सपा में शामिल होने से बदायूं की राजनीति में भाजपा का चुनावी गणित बिगड़ने की संभावना बन गई है। सपा सिनोद शाक्य को दातागंज और कुशाग्र सागर को बिसौली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा सकती है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और भाजपा के दिग्गज नेता जिस वक्त प्रदेश कार्य समिति के लिए सदस्यों के चयन के लिए मंथन कर रहे थे उसी वक्त बदायूं के दातागंज से पूर्व विधायक सिनोद शाक्य एवं बिसौली से भाजपा के पूर्व विधायक कुशाग्र सागर लखनऊ के सपा कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी की सदस्यता लेकर सपा में शामिल हो चुके थे। दोपहर के वक्त जब भाजपा की प्रदेश कार्य समिति की लिस्ट आई जिसमें ब्रज क्षेत्र से पूर्व विधायक सिनोद शाक्य को सदस्य के रूप में शामिल किया गया था।
बताते है कि जैसे ही भाजपा की प्रदेश कार्य समिति की लिस्ट आई तब राजनैतिक तौर चर्चा होने लगी कि भाजपा अपने विधायकों को सपा में जाने से नही रोक पाई। राजनैतिक जानकारों का कहना है कि दोनों पूर्व विधायक भाजपा में हाशिए पर थे और भाजपा से जाने का मन बना कर छटपटा रहे थे लेकिन आज मौका मिलते ही सपा के हो गए। बताते है कि समाजवादी पार्टी दोनों पूर्व विधायकों को उनकी परम्परात सीट से चुनाव लड़ा सकती है जिससे भाजपा प्रत्याशियों के सामने बड़ी मुश्किलें आ सकती है।






